• Thu. Nov 19th, 2026

पैठाणी के पौराणिक राहु मंदिर को मिल रहा भव्य स्वरूप, जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

By

Nov 19, 2026


Ad 7

पौराणिक शैली में विकसित हो रहा मंदिर परिसर, दूसरे चरण में घाट निर्माण और राहु शिला क्षेत्र का होगा विकास

धार्मिक तीर्थाटन के नए केंद्र के रूप में विकसित हो रहा राहु मंदिर, सुव्यवस्थित मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं के लिए जुटाई जा रही आधुनिक सुविधाएं

पौड़ी- जनपद के पैठाणी स्थित पौराणिक राहु मंदिर को उसकी धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता के अनुरूप भव्य स्वरूप देने की दिशा में किए जा रहे प्रयास अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। मंदिर परिसर में पूर्व से मौजूद अव्यवस्थित संरचनाओं को हटाकर सुव्यवस्थित प्रांगण विकसित किया गया है, वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं भी तैयार की गई हैं। मंदिर को पारंपरिक पौराणिक शैली में आकर्षक स्वरूप देने के साथ ही इसे धार्मिक तीर्थाटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

मंदिर के समग्र विकास को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा पूर्व में आयोजित बैठकों और स्थलीय निरीक्षणों में लिए गए निर्णयों के क्रम में उन्होंने आज पुनः मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अब तक किए गए निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया तथा मंदिर समिति, स्थानीय ग्रामीणों और संबंधित अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राहु मंदिर का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित न रहे, बल्कि इसकी पौराणिक पहचान, पारंपरिक वास्तुशैली और धार्मिक गरिमा को केंद्र में रखकर इसे एक विशिष्ट तीर्थस्थल के रूप में विकसित किया जाए।

जिलाधिकारी ने मंदिर में नवनिर्मित कक्षों का व्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रतीक्षालय, पूजा हॉल सहित अन्य कक्षों पर नाम पट्टिकाएं लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रथम तल पर बनाए गए पूजा कक्ष को शीघ्र व्यवस्थित करने तथा भवन के पीछे की दीवार पर पत्थर लगाने का कार्य जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए वाटर प्यूरीफायर स्थापित करने और सार्वजनिक शौचालय निर्माण पर भी जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने मंदिर के प्रवेश द्वार को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने, रेलिंग का सौंदर्यीकरण करने, भवन की फिनिशिंग बेहतर बनाने तथा प्रवेश एवं निकास मार्गों पर साइनेज और व्यू कटर स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा के साथ परिसर का सुंदर दृश्य भी मिल सके।

जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण और आध्यात्मिक वातावरण को और आकर्षक बनाने के लिए डेकोरेटिव पोल स्थापित किए जाने के निर्देश दिए। इनमें इनबिल्ट साउंड सिस्टम लगाया जाएगा, जिसके माध्यम से धार्मिक संगीत एवं भजन प्रसारित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव होगा। उन्होंने मंदिर की मूल संरचना और धार्मिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य मंदिर एवं परिसर स्थित अन्य मंदिरों की संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित करने तथा विशेष रासायनिक प्रक्रिया से उनकी सफाई पुरातत्व विभाग के माध्यम से कराने के निर्देश दिए।

मंदिर विकास के दूसरे चरण में राहु शिला क्षेत्र को तीर्थाटन की दृष्टि से विकसित करने के साथ घाट का निर्माण, श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर स्थित पुल में सुरक्षा जाली लगाने, राहु शिला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने और पर्याप्त कूड़ेदान स्थापित करने जैसे कार्य किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मंदिर के पीछे किचन-कम-स्टोर का निर्माण तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास पर भी चर्चा की गई। मंदिर समिति की ओर से रखे गए इन सुझावों पर जिलाधिकारी ने सहमति जताते हुए कार्यों को समिति की आवश्यकताओं और श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप आगे बढ़ाने की बात कही।

जिलाधिकारी ने मंदिर समिति के साथ चर्चा के दौरान कहा कि मंदिर में धार्मिक गतिविधियों के सुचारू संचालन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से पुजारियों का पंजीकरण कराया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए व्यवस्थित सुविधा उपलब्ध होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी मिल सकेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि पैठाणी राहु मंदिर का व्यवस्थित एवं आकर्षक विकास क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इससे पैठाणी क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय व्यापार, स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर भी विकसित होंगे। इस दिशा में स्थानीय लोगों, मंदिर समिति और व्यापार संघ के सुझावों को भी विकास कार्यों में प्राथमिकता दी जा रही है।

इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं व्यापार संघ के सदस्यों ने पैठाणी बाजार में शौचालय और डंपिंग जोन विकसित करने के सुझाव भी रखे। जिलाधिकारी ने शौचालय निर्माण पर सहमति जताते हुए उसके नियमित संचालन एवं रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य शिवचरण नौडियाल, मंदिर समिति अध्यक्ष विनोद सिंह रावत, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, सहायक अभियंता जगदीश नेगी, नायब तहसीलदार सुदामा सिंह रावत सहित मंदिर समिति, व्यापार सभा के सदस्य एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *