• Wed. Nov 11th, 2026

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के लिए भारतीय टीम घोषित, सलीमा टेटे को मिली कप्तानी

By

Nov 11, 2026


Ad 7

नई दिल्ली। भोपाल में होने वाली महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के लिए भारतीय हॉकी टीम का ऐलान कर दिया गया है। हॉकी इंडिया ने 18 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जिसकी कमान अनुभवी मिडफील्डर सलीमा टेटे को सौंपी गई है। टूर्नामेंट का आयोजन 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के नवनिर्मित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नाथू बरखेड़ा में किया जाएगा। एशियन गेम्स में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय महिला टीम पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में मैदान पर उतरेगी। ऐसे में टीम की निगाहें जीत के सिलसिले को बरकरार रखते हुए घरेलू मैदान पर एक और खिताब हासिल करने पर होंगी।

सविता पुनिया को टीम में नहीं मिली जगह
भारतीय टीम की घोषणा के साथ ही सबसे ज्यादा चर्चा अनुभवी गोलकीपर सविता पुनिया को बाहर रखे जाने को लेकर हो रही है। सविता ने 2026 एशियन गेम्स में टीम की कप्तानी करते हुए भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम योगदान दिया था। चीन के खिलाफ फाइनल मुकाबले में उनका पेनल्टी स्ट्रोक बचाव बेहद निर्णायक रहा था, जिसने भारत को लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 का सीधा टिकट दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस बार उनकी गैरमौजूदगी में बंसारी सोलंकी और बिचू देवी खारिबाम गोलपोस्ट की जिम्मेदारी संभालेंगी।

चौथी बार खिताब जीतने उतरेगी भारतीय टीम
मेजबान भारत इस बार मौजूदा चैंपियन के तौर पर टूर्नामेंट में हिस्सा लेगा। भारतीय महिला टीम 2016, 2023 और 2024 में यह प्रतिष्ठित खिताब जीत चुकी है। अब टीम की कोशिश चौथी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाने के साथ लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने की होगी। प्रतियोगिता में भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की टीमें भी चुनौती पेश करेंगी।

छह देशों के बीच होने वाली इस प्रतियोगिता में राउंड रॉबिन प्रारूप अपनाया जाएगा। सभी टीमें लीग चरण में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला खेलेंगी। इसके बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। दक्षिण कोरिया भी अब तक तीन बार इस प्रतियोगिता का खिताब जीत चुका है।

युवा और अन्य खिलाड़ियों को मिलेगा खुद को साबित करने का मौका
भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच श्योर्ड मारिजने ने टूर्नामेंट को खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमता दिखाने का अहम अवसर बताया है। उनका कहना है कि वह इस प्रतियोगिता में कुछ खिलाड़ियों को उनकी नियमित पोजीशन से अलग भूमिका में भी आजमाना चाहते हैं। इससे खिलाड़ियों की बहुमुखी प्रतिभा और नई जिम्मेदारियों को संभालने की क्षमता का आकलन किया जा सकेगा। कोच ने घरेलू दर्शकों के सामने खेलने और साल का समापन शानदार प्रदर्शन के साथ करने की उम्मीद जताई है।

मलेशिया के खिलाफ पहला मुकाबला खेलेगा भारत
भोपाल में 19 नवंबर से शुरू होने वाली प्रतियोगिता के पहले दिन चीन और थाईलैंड के बीच उद्घाटन मुकाबला होगा। इसके बाद भारतीय टीम उद्घाटन समारोह के पश्चात मलेशिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

भारतीय टीम के लीग चरण के मुकाबलों का कार्यक्रम
– 19 नवंबर : भारत बनाम मलेशिया
– 21 नवंबर : भारत बनाम दक्षिण कोरिया
– 22 नवंबर : भारत बनाम थाईलैंड
– 24 नवंबर : भारत बनाम चीन
– 25 नवंबर : भारत बनाम जापान
सेमीफाइनल मुकाबले 27 नवंबर को खेले जाएंगे। वहीं, 28 नवंबर को फाइनल और तीसरे स्थान के लिए मुकाबला आयोजित होगा।

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम
गोलकीपर: बंसारी सोलंकी, बिचू देवी खारिबाम

डिफेंडर: निक्की प्रधान, ज्योति, ज्योति सिंह, सुशीला चानू लाथनथलुआंगी, पूजा साहू

मिडफील्डर: रुतुजा दादासो पिसाल, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, साक्षी राणा, बलजीत कौर, इशिका

फॉरवर्ड: नवनीत कौर, दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग, लालरेमसियामी, मुमताज खान

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *