• Wed. Nov 4th, 2026

बागेश्वर में 12वीं की छात्रा की मौत से मचा हड़कंप, किराए के कमरे में मिला शव

By

Oct 27, 2026

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। मंडलसेरा क्षेत्र के जीतनगर में किराए के कमरे में छात्रा का शव मिलने से इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल छात्रा की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

मिली जानकारी के अनुसार, जीतनगर निवासी अजय चंद की 18 वर्षीय बेटी आंचल आर्या पढ़ाई के सिलसिले में किराए के कमरे में रह रही थी। वह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), नुमाइशखेत में कक्षा 12 की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी सुबह आसपास के लोगों को मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। परिजनों की मौजूदगी में नियमानुसार पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा की मौत के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है, ताकि घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

छात्रा की मौत की खबर से परिवार में दुख का माहौल है। वहीं, उसके शिक्षण संस्थान और आसपास के क्षेत्र में भी शोक व्याप्त है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *