• Tue. Oct 20th, 2026

कोहरे व धुंध के चलते दम घोटने वाली हुई देहरादून की हवा

ByRashtriya Nirmaan

Jan 23, 2024

देहरादून। : भीषण ठंड के बीच दून में इस बार कोहरे का प्रकोप चरम पर है। धुंध व कोहरे के कारण शहर की आबोहवा भी दम घोटने लगी है। हवा में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से रिकार्ड किया गया एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) का स्तर बीती दीपावली से भी कहीं अधिक दर्ज किया गया है।

बीते तीन साल में पहली बार दून का एक्यूआइ 310 से अधिक रिकार्ड किया गया। जो कि सांस के मरीजों के लिए बेहद तकलीफ देय है।

आमतौर पर दीपावली के दौरान दून में हवा की गुणवत्ता खासी प्रभावित होती है। हालांकि, सर्दियों में भी हवा में प्रदूषण की मात्रा अधिक पाई जाती है, लेकिन इस बार दून में कोहरे और धुंध के कारण स्थिति चिंताजनक बन गई है। जनवरी में कोहरा परेशानी का सबब बना हुआ है। जिसके चलते एक्यूआइ भी 300 के पार पहुंच गया है। वर्षा न होने को भी इसका एक प्रमुख कारण बताया जा रहा है। वातावरण में धुंध की चादर बिछी हुई है।

एक्यूआइ 300 के पार

उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दून विश्वविद्यालय स्थित केंद्र में सोमवार को एक्यूआइ 310 दर्ज किया गया। जबकि, घंटाघर, हरिद्वार रोड, आइएसबीटी समेत शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में इसके 400 के करीब पहुंचने की आशंका है। यह बेहद खतरनाक स्तर है, जो कि सामान्य व्यक्तियों के लिए भी परेशानी बन सकता है।

अगले कुछ दिन मौसम में कोई बदलाव नहीं आया तो वायु प्रदूषण का स्तर और बढ़ सकता है। बीते एक सप्ताह के दौरान दून में एक्यूआइ का स्तर 250 से अधिक ही बना हुआ है। जबकि, 200 से अधिक एक्यूआइ स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है।

एक्यूआइ इस तरह बताता है हवा का हाल

  • शून्य से 50 – अच्छा
  • 51 से 100 – संतोषजनक
  • 101 से 200 – मध्यम श्रेणी
  • 201 से 300 – बुरी स्थिति
  • 301 से 400 – बहुत बुरी स्थिति
  • 401 व अधिक – गंभीर स्थिति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *