• Thu. Sep 3rd, 2026

अखिलेश यादव परिवार संग पहुंचे देवप्रयाग; संगम पर किया स्नान

ByRashtriya Nirmaan

Oct 25, 2023

ऋषिकेश। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को परिवार के साथ देवप्रयाग पहुंचे। वहां उन्होंने अलकनंदा और भागीरथी के संगम पर स्नान व पूजा-अर्चना के बाद रघुनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। इस दौरान उनके साथ सेल्फी लेने को भीड़ उमड़ी रही।

पैदल पहुंचे संगम

अखिलेश देवप्रयाग बस अड्डे से अलकनंदा और भागीरथी के संगम स्थल तक पैदल पहुंचे। इस दौरान बाजार में स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने उनका अभिवादन किया, जिसे अखिलेश ने हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर स्वीकार किया।

परिवार सहित पहुंचे रघुनाथ मंदिर

संगम तट पर स्नान और पूजा-अर्चना के साथ ही उन्होंने तीर्थ पुरोहितों से देवप्रयाग की पौराणिक महत्ता के बारे में जाना। इसके बाद अखिलेश परिवार समेत रघुनाथ मंदिर पहुंचे। सपा प्रमुख ने यहां मौजूद शिलालेख देखे और मंदिर की पौराणिकता के बारे में भी जाना। देवप्रयाग में करीब ढाई घंटा बिताने के बाद अखिलेश वापस होटल ताज लौट आए।

देवप्रयाग आने का किया वादा

वापसी में अखिलेश यादव ने स्थानीय नागरिकों से जल्द देवप्रयाग आने का वादा किया। बताया जा रहा कि वह अभी केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम भी जाएंगे। हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।

पिता मुलायम भी आए थे देवप्रयाग

देवप्रयाग के तीर्थ पुरोहितों ने बताया कि वर्ष 1980-81 में गढ़वाल लोकसभा के ऐतिहासिक उपचुनाव में अखिलेश यादव के पिता स्व. मुलायम सिंह यादव भी देवप्रयाग आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *