• Wed. Jul 15th, 2026

हर्षिल में दो दिवसीय राज्य स्तरीय सेब महोत्सव का शुभारंभ, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया उद्घाटन..

ByRashtriya Nirmaan

Oct 20, 2023

उत्तरकाशी हर्षिल में दो दिवसीय सेब महोत्सव का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। इस मौके पर उन्होंने हर्षिल को फल पट्टी घोषित करने की घोषणा की। साथ ही हर्षिल घाटी में हार्टी-टूरिज्म को विकसित करने के लिए सरकार सभी जरूरी कदम उठाएगी। महोत्सव में सेब की विविध किस्मों की प्रदर्शनी लगाई।

प्रदर्शनी में रेड चीफ, आर्गन स्पर, सुपर चीफ, गाला, गोल्डन डेलीशियस, रायल डेलीशियस, रेड डेलीशियस, फैनी, रायमर, जोनाथन, बकिंघम, रेड ब्लाक, जिंजर गोल्ड, पिंक लेडी, ग्रेमी स्मिथ, रेड गोल्डन, ग्रीन स्वीट, रेड फ्यूजी, क्रेब एप्पल सहित कई सेब की प्रजाति प्रदर्शित की गई। महोत्सव का समापन शुक्रवार को होगा।

राज्य में उत्पादित विभिन्न प्रकार की सेब प्रजातियों का संकलन

महोत्सव में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि इस महोत्सव में राज्य में उत्पादित विभिन्न प्रकार की सेब प्रजातियों का संकलन देखने को मिलेगा। इस प्रकार के आयोजन से राज्य में सेब के उत्पादन को व्यवसायिकता के आधार पर उच्च स्तर तक ले जाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश में कुल 3.05 लाख हेक्टेयर में 26.60 लाख मीट्रिक टन सेब का उत्पादन किया जा रहा है, जिसमें उत्तराखंड में 0.65 लाख मीट्रिक टन सेब का उत्पादन किया जा रहा है। सर्वाधिक उत्पादन जनपद उत्तरकाशी में लगभग 45 प्रतिशत (29018 मीट्रिक टन) है।

बागवानी को लेकर विशेषज्ञों से काश्तकारों का संवाद

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि कृषकों को सेब फलों की पैकिंग एवं ब्रांडिग के माध्यम से उचित मूल्य दिलाए जाने के लिए 50 प्रतिशत सहायता पर कोरोगेटेड बाक्स (एप्पिल ट्रे सहित) उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस वर्ष अभी तक जनपद उत्तरकाशी में 20 किलोग्राम के 2 लाख तथा 10 किलोग्राम के 56,000 कोरोगेटड बाक्स कृषकों को वितरित किए जा चुके हैं। सेब महोत्सव में बागवानी को लेकर विशेषज्ञों से काश्तकारों का संवाद हुआ। इसके साथ ही काश्तकारों को बागवानी की नई तकनीक के बारे में जानकारी दी गई।

इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम और रिवर राफ्टिंग की गतिविधि भी आयोजित की गई। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सत्तेंद्र सिंह राणा, ब्लाक प्रमुख विनीता रावत, भाजपा नेता जगमोहन सिंह रावत, मोहन सिंह राणा, संजय पंवार, जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला, अपर उद्यान निदेशक डा. आरके सिंह आदि मौजूद थे।

ब्रिटेन की ईमा पहुंची ईमा

ब्रिटेन की पर्यटक ईमा सेब महोत्सव में पहुंची। ईमा हर्षिल के सेब के लाजवाब स्वाद की इस कदर मुरीद दिखीं कि उन्होंने इसे दुनिया का बेहतरीन सेब करार दिया। ब्रिटेन की ही एक अन्य पर्यटक शॉर्ले फ्लोरेंस ने सेबों की प्रदर्शनी और लोक जीवन तथा प्राकृतिक सौंदर्य को शानदार और अविस्मरणीय बताया।

वहीं राजस्थान ने आई पर्ल, जाह्नवी आदि महिला पर्यटक भी महोत्सव में जमकर थिरकीं। बंगलुरू से आए एन. सुरेन्द्रन ने कहा कि अगली बार इस अनूठे आयोजन में वह अपने और साथियों के साथ भाग लेना चाहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *