• Sat. Jul 11th, 2026

जयपुर दौरा पर रहेंगे अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान, AAP की चुनावी तैयारियों को देंगे धार

ByRashtriya Nirmaan

Sep 4, 2023

जयपुर,राजस्थान में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसको लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी ने भी राज्य में अपनी चुनावी तैयारियों को धार देनी शुरू कर दी है।

आज जयपुर आएंगे केजरीवाल और  मान

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज जयपुर आ रहे हैं। वे टॉउन हाल में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।

जनता से सीधा संवाद करेंगे केजरीवाल

दरअसल, आम आदमी पार्टी की कोशिश दिल्ली और पंजाब के बाद अब राजस्थान में भी ‘आप’ की सरकार बनाने की है। केजरीवाल और मान जनता से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान वे जनता से कई वादे करेंगे और दिल्ली-पंजाब में AAP सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों का लेखा-जोखा भी पेश करेंगे।

AAP कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल जयपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। वे आगामी चुनाव को लेकर रणनीति भी तैयार करेंगे। इस दौरान पंजाब के सीएम भगवंत भी मौजूद रहेंगे।

AAP के 14 प्रवक्ताओं की घोषणा

केजरीवाल ने राजस्थान में पार्टी का विस्तार करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में 14 प्रवक्ताओं की घोषणा की गई है, जिनमें योगेंद्र गुप्ता को मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। अन्य प्रवक्ताओं में राजश्री माथुर, चरणदास जाटव, दीपक मिश्रा, अमित शर्मा और कीर्ति पाठक शामिल हैं। इसके अलावा, देवेंद्र यादव, विजेंद्र सिंह डोटासरा, चंद्रमुखी रेप्सवाल, अशोक भाटी, राधेश्याम उपाध्याय, अमित वर्मा, महेंद्र मीणा और प्रशांत जायसवाल को प्रवक्ता बनाया गया है।

सत्ता में वापसी के लिए पूरा जोर लगा रही भाजपा

गौरतलब है कि राजस्थान में इस समय कांग्रेस की सरकार है और अशोक गहलोत मुख्यमंत्री हैं। कांग्रेस में हर पांच साल में सरकार बदलने का चलन है। ऐसे में कांग्रेस की कोशिश सत्ता बरकरार रखने की है, जबकि भाजपा सत्ता में वापसी करने के लिए पूरा जोर लगा रही है। ऐसे में इस बार का विधानसभा चुनाव रोचक होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *