• Sat. Jun 6th, 2026

अखिलेश यादव को दंगाईयों की पिटाई का दर्द क्यों? ड‍िप्‍टी सीएम केशव मौर्य

ByRashtriya Nirmaan

Jun 13, 2022

उत्‍तर प्रदेश में पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी के विरोध और भाजपा से निलंबित नुपुर शर्मा व निष्कासित नवीन जिंदल की गिरफ्तारी को लेकर कई ज‍िलों में भड़की ह‍िंंसा को जब सपा प्रमुख अख‍िलेश यादव ने शांत‍ि प्रदर्शन बताया तो ड‍िप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने उनपर तंज कसते हुए कहा क‍ि प‍िटाई दंगाईयों और पत्‍थरबाजों की होती है और दर्द अख‍िलेश यादव को होता है।

जुमे की नमाज के बाद कई शहरों में मुस्लिम वर्ग के असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। आगजनी, पत्थरबाजी की घटनाएं हुईं। पुलिस कर्मी घायल हुए। उसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बवालियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जा रही है। वहीं, प्रदर्शनकारियों के समर्थन में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कार्रवाई पर प्रश्न खड़े करते हुए कहा है कि जुमे का प्रदर्शन शांतिपूर्ण था।

अख‍िलेश के बयान पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने भी प्रतिक्रिया में तीखे शब्दबाण चलाए। भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा के बयान को धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला बताते हुए मुस्लिम समुदाय के लोगों ने तीन जून को कानपुर में प्रदर्शन किया। इसके बाद जुमे की नमाज के बाद प्रयागराज, सहारनपुर सहित कई शहरों में बवाल काटा।

हिंसक प्रदर्शन के बाद पुलिस एक्शन में आई और तब से कार्रवाई जारी है। अभियुक्तों को चिन्हित कर उनके अवैध निर्माण तोड़े जा रहे हैं। साथ ही जेल भेजा जा रहा है। ऐसी ही बुलडोजर की एक कार्रवाई की तस्वीर ट्वीटर पर साझा करते हुए रविवार को अखिलेश यादव ने लिखा- ””ये कहां का इंसाफ है कि जिसकी वजह से देश में हालात बिगड़े और दुनिया भर में सख्त प्रतिक्रिया हुई, वो सुरक्षा के घेरे में हैं और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को बिना वैधानिक जांच-पड़ताल बुलडोजर से सजा दी जा रही है। इसकी अनुमति न हमारी संस्कृति देती है, न धर्म, न विधान, न संविधान।

अख‍िलेश ने एक दूसरे ट्वीट में लिखा- अब अजायब-घर में ले जाकर रख दो  इंसाफ की तराजू को और कर दो ऐलान, हुक्मरानों ने ही ले लिया है कानून हाथों में। वहीं, इस मामले पर स्वतंत्रदेव सिंह ने तंज कसा- जिनके खुद के घर पर बुलडोजर का साया होता है, वो दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकते। इसी तरह सपा मुखिया की प्रतिक्रिया पर केशव प्रसाद मौर्य ने प्रश्न खड़ा करते हुए ट्वीट किया-  पिटाई दंगाइयों, पत्थरबाजों की होती है, दर्द अखिलेश यादव को होता है, कारण क्या है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *